Santosh Kumar Yadav / Mon, Aug 10, 2026 / Post views : 70
अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, अयोध्या में 28वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। इस दौरान विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह में कुल 774 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 584 छात्र और 190 छात्राएं शामिल रहीं। वहीं, 24 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 25 पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 11 पदक छात्रों और 13 पदक छात्राओं को मिले।
छात्राओं के प्रदर्शन की राज्यपाल ने की सराहना
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की भी प्रशंसा की और कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद गांवों के विद्यार्थी अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल कर रहे हैं।
विश्वविद्यालयों में बेहतर सुविधाओं पर जोर
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को अपने परिसर में होने वाली गतिविधियों और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखनी चाहिए। राज्यपाल ने भारत को नशा मुक्त देश बनाने की दिशा में भी विश्वविद्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
आधुनिक तकनीक से बदलेगा कृषि का स्वरूप
समारोह में राज्यपाल ने कृषि के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के बढ़ते महत्व पर जोर दिया। उन्होंने डिजिटल कृषि, बेहतर सिंचाई प्रबंधन, फसल विविधीकरण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को किसानों के लिए बदलाव लाने वाली तकनीक बताया।
उन्होंने बेटियों से कृषि शिक्षा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आगे आने की अपील की। इस दौरान ‘ड्रोन दीदी’ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं आधुनिक कृषि तकनीक के इस्तेमाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
प्रगतिशील किसानों और बच्चों को किया सम्मानित
दीक्षांत समारोह के दौरान प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को प्रेरणादायक पुस्तकें और आंगनवाड़ी केंद्रों को किट वितरित की गईं।
समारोह में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए शिक्षा के साथ समाज और कृषि क्षेत्र के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन