Santosh Kumar Yadav / Thu, Aug 13, 2026 / Post views : 113
बिजनौर, 13 अगस्त। जिले में लगातार बढ़ रही बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ और जलभराव की स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में जलभराव या बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय के निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें। जरूरत के अनुसार प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रभावित व्यक्ति को राहत के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मध्य गंगा बैराज और रावली तटबंध का निरीक्षण
बैठक के बाद जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मध्य गंगा बैराज और रावली तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर बाढ़ और जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के साथ संबंधित अधिकारियों से तटबंध की स्थिति और बाढ़ से निपटने के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली।
अधिकारियों ने डीएम को बताया कि रावली तटबंध पर जलभराव की समस्या को देखते हुए आवश्यक कार्य समय से पूरे कर लिए गए हैं। इसके अलावा जिले में बाढ़ से संबंधित अन्य जरूरी कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा चुके हैं।
डीएम ने तटबंधों और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलस्तर या परिस्थितियों में किसी भी तरह का बदलाव होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए। प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन