Santosh Kumar Yadav / Fri, Aug 28, 2026 / Post views : 252
रुदौली, अयोध्या। राम कुमार यादव इंटर कॉलेज, संडवा में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्रबंधक महेश चंद्र यादव, उप प्रबंधक विकास यादव एवं उप प्रधानाचार्य विजय यादव ने विधायक रामचंद्र यादव समेत अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान इंटरमीडिएट की छात्राओं ने विधायक रामचंद्र यादव सहित उपस्थित गणमान्य लोगों की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं ने राखी के साथ भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और सम्मान का संदेश भी दिया।
खास रही छात्राओं की रचनात्मक पहल
रक्षाबंधन कार्यक्रम में छात्राओं की रचनात्मक पहल आकर्षण का केंद्र रही। छात्राएं बाजार से राखियां खरीदने के बजाय अपने घरों में स्वयं राखियां तैयार कर विद्यालय लेकर आईं। बच्चों की इस पहल की कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने सराहना की और उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया।
विधायक ने विद्यार्थियों को दिया मेहनत का संदेश
विधायक रामचंद्र यादव ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास
विद्यालय के प्रबंधक महेश चंद्र यादव ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, सम्मान और संस्कारों को मजबूत करने का अवसर भी है। विद्यालय में इस तरह के आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

प्रधानाचार्या समीना खातून ने कहा कि बच्चों द्वारा स्वयं राखियां तैयार कर लाना उनकी रचनात्मकता और संस्कारों को दर्शाता है। विद्यालय में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के नैतिक और सांस्कृतिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम में प्रबंधक महेश चंद्र यादव, प्रधानाचार्या समीना खातून, विजय यादव, विकास यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन