Santosh Kumar Yadav / Wed, Sep 9, 2026 / Post views : 96
गोरखपुर। आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह प्रभारी अभिषेक दत्त ने जिले और महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ संगठन को बूथ और सेक्टर स्तर तक सक्रिय करने को लेकर चर्चा हुई। अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं से जनता के स्थानीय और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की।
अभिषेक दत्त ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान, युवा और महिलाएं समेत आम लोग सरकार से परेशान हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और सवालों को उठाने की बात कही।
भाजपा पर चंदे को लेकर निशाना साधते हुए अभिषेक दत्त ने दावा किया कि “हर बूथ और हर सेक्टर से चंदा चोर, गद्दी छोड़ की आवाज आ रही है।” उन्होंने मंदिर के चंदे को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि बूथ स्तर पर जनता के बीच इन मुद्दों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिनका सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने युवाओं की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय करीब 30 हजार रुपये की मोटरसाइकिल मिल जाती थी, जबकि वर्तमान समय में मोटरसाइकिल की कीमत 1.25 लाख रुपये से अधिक हो गई है।
गोरखपुर में हाल ही में हुए गुंबद हादसे का जिक्र करते हुए अभिषेक दत्त ने हादसे में दो अधिवक्ताओं की मौत पर दुख जताया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, मृतकों के परिजनों को कांग्रेस की ओर से आर्थिक मदद देने और सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की।

अभिषेक दत्त ने कहा कि गोरखपुर की पहचान विकास और पर्यटन के लिए होनी चाहिए। उन्होंने गोरखपुर के सांसद से अपील करते हुए कहा कि शहर में ऐसे कार्य किए जाएं, जिससे देश-विदेश से लोग यहां आने के लिए आकर्षित हों और गोरखपुर की पहचान सकारात्मक कारणों से बने।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन